Dehradun
धराली हादसे पर राज्यपाल गुरमीत सिंह ने जताया गहरा शोक, बाबा केदार से की प्रार्थना
देहरादून: उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र में बादल फटने की दुखद घटना पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस आपदा को “अत्यंत दुःखद और व्यथित करने वाला” बताया है।

राज्यपाल ने सभी प्रभावित लोगों की सकुशलता की कामना करते हुए कहा, “बाबा केदार से मेरी प्रार्थना है कि वे सभी प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय से उबरने की शक्ति प्रदान करें।” राज्यपाल लगातार आपदा की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति पर भी निगरानी रख रहे हैं।
उत्तरकाशी के धराली गांव में मंगलवार को बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। कई घरों के बह जाने और लोगों के लापता होने की खबर है। सेना, NDRF और SDRF की टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं।