Dehradun
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने महाशिवरात्रि के मौके पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं…..
देहरादून : राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
पूर्व संध्या में जारी अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि महाशिवरात्रि केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आध्यात्मिक ऊर्जा और शिवत्व के प्रति अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। यह पर्व शिव और शक्ति की आराधना का पर्व है, जो हमें आत्मचिंतन, भक्ति और सृजनात्मक शक्ति की ओर प्रेरित करता है।
राज्यपाल ने अपने संदेश में भगवान शिव से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने इस पावन अवसर पर सभी को मानसिक और आत्मिक शांति की प्राप्ति के साथ-साथ समाज में एकता और सद्भाव की भावना को फैलाने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व न केवल आध्यात्मिक रूप से हमें मजबूत करता है, बल्कि यह हमारे जीवन में सकारात्मक परिवर्तन और परिपूर्णता लाने का भी एक अवसर है।