Dehradun

हरिद्वार मनसा देवी हादसा: भगदड़ में 6 की मौत, CM धामी ने की मजिस्ट्रियल जांच और मुआवजे का ऐलान

Published

on

देहरादून: हरिद्वार के प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर मार्ग पर रविवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इस हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है और घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी, ताकि इस मुश्किल घड़ी में उन्हें कुछ राहत मिल सके।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि हादसे में घायल हुए कुल 35 श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल लाया गया है, जिनमें छह श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है और जिनकी हालत गंभीर है, उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

भगदड़ की घटना के बाद मौके पर 108 सेवा की सात एंबुलेंस और ‘खुशियों की सवारी’ की दो एंबुलेंस तैनात की गईं। इनकी मदद से कई घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर जरूरी इलाज मुहैया कराया गया, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकी।

प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, ताकि हादसे से जुड़ी जानकारी और मदद तुरंत मिल सके:
📞 हरिद्वार जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र:
01334-223999, 9068197350, 9528250926

📞 राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र, देहरादून:
0135-2710334, 2710335, 8218867005, 9058441404

मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी की है। प्रशासन और राहत-बचाव दल लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version