Haridwar
HARIDWAR: चंडीगढ़ से नारकोटिक्स टीम ने फार्मा कंपनी में नशीली गोलियों का बड़ा जखीरा पकड़ा, दो कर्मचारी हिरासत में..
हरिद्वार: सिडकुल क्षेत्र में स्थित एक फार्मा कंपनी में नशे के लिए इस्तेमाल होने वाली प्रतिबंधित दवाओं की बड़ी खेप पकड़ी गई है। चंडीगढ़ से आई नारकोटिक्स टीम ने बुधवार को जेआर फार्मा कंपनी पर छापा मारा और वहां से करीब 2.5 लाख प्रतिबंधित गोलियां बरामद कीं। इस दौरान स्थानीय पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती भी मौजूद थीं।
चंडीगढ़ में हाल ही में हुए एक ऑपरेशन में 60 हजार प्रतिबंधित गोलियों के साथ सात तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। उनसे मिली जानकारी के बाद चंडीगढ़ की नारकोटिक्स टीम ने सिडकुल स्थित जेआर फार्मा कंपनी पर रेड की, जहां नशीली गोलियों का अवैध निर्माण पाया गया। छापेमारी के दौरान कंपनी के दो कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि सिडकुल की एक और कंपनी इस अवैध धंधे में शामिल है। एनसीबी की टीम अब वहां भी जांच कर रही है। कंपनी का मालिक फिलहाल फरार है।
सिडकुल की जिस फैक्ट्री में प्रतिबंधित दवाओं का जखीरा पकड़ा गया है, उस पर जिले के ड्रग विभाग ने जून 2024 में ही उत्पादन प्रतिबंधित कर दिया था। ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने बताया कि अब कंपनी का लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जा रही है और यह जांच की जाएगी कि प्रतिबंध के बावजूद कितनी दवाइयों का उत्पादन हुआ और वे किन-किन राज्यों में सप्लाई की गईं। इस मामले में कंपनी के मालिक के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।
#SiddhkulPharmaCompany #NarcoticsTeam #RestrictedDrugs #DrugInspector #IllegalProduction