Dehradun
गर्मी का कहर: चटख धूप से शुरू हुआ दिन, कल से मौसम में होगा बदलाव !
देहरादून: उत्तराखंड में अप्रैल की शुरुआत अत्यधिक गर्मी के साथ हुई है। आज भी दिन की शुरुआत तेज धूप और चटक गर्मी से हुई। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेशभर में आज भी गर्मी का असर बना रहेगा, जिससे लोग परेशान हो सकते हैं। हालांकि, राहत की उम्मीद कल (8 अप्रैल) से की जा रही है, जब मौसम के बदलने के संकेत मिल रहे हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 7 अप्रैल को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। दून में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना जताई गई है। आने वाले दिनों में 8 से 10 अप्रैल तक मौसम में बदलाव की संभावना है। इस दौरान, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बिजली चमकने के साथ-साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
रविवार के आंकड़ों के अनुसार, देहरादून का अधिकतम तापमान 4.7 डिग्री की वृद्धि के साथ 36 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 17.1 डिग्री रहा। यही स्थिति प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी देखी गई, जहां गर्मी ने दस्तक दी है।
#UttarakhandWeather #HeatWave #TemperatureRise #WeatherAlert #Dehradun