Chamoli
बदरीनाथ हाईवे पर गिरा भारी मलबा, बाल-बाल बचे लोग…आवाजाही ठप
कर्णप्रयाग ( चमोली): उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। आज सुबह बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग गौचर तलधारी के पास भूस्खलन के कारण बंद हो गया। पहाड़ी से अचानक भारी मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर सड़क पर गिर गए। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर चल रहे लोग बाल-बाल बच गए।
इसी के साथ कर्णप्रयाग-नेनीसैंण मोटर मार्ग पर भी एक चट्टान टूटकर गिर गई। यह घटना आईटीआई से लगभग 500 मीटर आगे हुई, जिससे मार्ग बाधित हो गया है। सड़क बंद होने की वजह से कपीरीपट्टी के लोगों को डिम्मर-सिमली होते हुए कर्णप्रयाग की ओर जाना पड़ रहा है।
इधर मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में आज दिनभर और रात के समय बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। अन्य जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट के तहत तेज बारिश की चेतावनी दी गई है।
गंगा का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार सुबह से जारी बारिश के बाद जलस्तर बढ़कर 292.90 मीटर तक पहुंच गया है, जो चेतावनी रेखा 293 मीटर के बेहद करीब है। गंगा घाटों को खाली करवा दिया गया है और प्रशासन ने आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क कर दिया है।
आपदा प्रबंधन टीम और प्रशासन चौकस है। राज्य के साथ-साथ उत्तर प्रदेश का प्रशासन भी अलर्ट पर है। नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और पर्वतीय क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी गई है।