Dehradun
केदारनाथ धाम के लिए तीन माह बाद फिर शुरू हुई हेली सेवा, मौसम बिगड़ा तो उड़ान पर फिर लग सकती है रोक
देहरादून: तीन महीने के लंबे इंतजार के बाद आज से केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा एक बार फिर शुरू हो रही है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने हेली सेवा शुरू करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं के लिए यह एक राहत की खबर है, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि मौसम खराब रहने की स्थिति में हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सकेंगे।
हेली सेवा की शुरुआत से पहले, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की टीम उत्तराखंड पहुंची और हेलीपैड्स का गहन निरीक्षण किया। टीम ने गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलीपैड पर जाकर सुरक्षा मानकों, पायलट्स की योग्यता, और तकनीकी तैयारियों की जांच की।
छह हेली कंपनियों के सात हेलिकॉप्टर अब इन तीन हेलीपैड्स पर तैनात कर दिए गए हैं। सभी ट्रायल उड़ानें सफल रही हैं, जिससे आज से श्रद्धालुओं के लिए हवाई यात्रा संभव हो पाई है।
यूकाडा के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि हेली सेवा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। DGCA की टीम के साथ बैठक भी सकारात्मक रही। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मौसम की स्थिति पर पूरी नजर रहेगी। यदि मौसम बिगड़ता है तो हेलिकॉप्टरों को उड़ान की इजाजत नहीं दी जाएगी।
यूकाडा की ओर से यह भी कहा गया है कि सभी हेली कंपनियों की शटल सेवाओं पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी, ताकि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।
श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत
केदारनाथ धाम जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए ये एक सुकून भरी खबर है। पैदल यात्रा में असमर्थ बुजुर्गों और कम समय में यात्रा पूरी करने वालों के लिए हेली सेवा एक बड़ी सहूलियत है। अब एक बार फिर श्रद्धालु हवाई मार्ग से भगवान केदार के दर्शन कर सकेंगे।