Accident
भीषण सड़क हादसा, दिल्ली-इंदौर बस पलटी, 1 बच्ची की मौत, 20 से अधिक घायल !
मध्य प्रदेश: आगर मालवा के सुसनेर में बुधवार सुबह 7 बजे उज्जैन झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग 552 जी पर किटखेड़ी जोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। दिल्ली से इंदौर की ओर जा रही बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 20 से अधिक लोग घायल हो गए और एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची बस के नीचे दब गई थी, जिसे जेसीबी मशीन से निकाला गया।
हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और अस्पताल प्रशासन ने घायलों को तत्काल शासकीय सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। करीब 8 से 9 घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। घायल यात्रियों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। एसडीओपी देवनारायण यादव, अतिरिक्त एसपी निशा रेड्डी, तहसीलदार विजय सेनानी, एसडीएम सर्वेश यादव और टीआई केसर राजपूत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
कलेक्टर और एसपी ने भी अस्पताल जाकर घायलों का हाल-चाल लिया:
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह शासकीय सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों से बातचीत की, उनका हाल जाना। उन्होंने घायलों के शीघ्र इलाज की सुनिश्चितता दी।
एसपी का बयान:
जिला पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली से इंदौर जा रही बस में लगभग 30 यात्री सवार थे। हादसे में 20 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।