Delhi
बेलगावी अधिवेशन में कांग्रेस ने जम्मू कश्मीर को दिखाया पाकिस्तान का हिस्सा , बीजेपी ने कांग्रेस की नीयत पर उठाए सवाल….
दिल्ली : कांग्रेस पार्टी का बेलगावी अधिवेशन अब एक विवाद के कारण चर्चा में आ गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कांग्रेस द्वारा लगाए गए पोस्टरों पर सवाल उठाए हैं, जिसमें भारत के मानचित्र को गलत तरीके से दिखाया गया था। इस मानचित्र में जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा और अक्साई चीन को चीन का हिस्सा दर्शाया गया है। बीजेपी ने इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कहा है कि कांग्रेस की नीयत भारत को तोड़ने की है।
बीजेपी के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस पार्टी हमेशा कहती है कि ‘भारत जोड़ो’, लेकिन बेलगावी अधिवेशन में जो भारत का मानचित्र दिखाया गया, उसमें जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान और अक्साई चीन को चीन में दिखाना, यह कांग्रेस की मानसिकता को साफ तौर पर उजागर करता है। यह उनकी पुरानी मानसिकता को दर्शाता है, जो हमेशा भारत को तोड़ने की कोशिश करती रही है।”
कांग्रेस ने हालांकि अभी तक इस आरोप पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन यह मामला अब राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बन गया है। इस घटनाक्रम ने कांग्रेस के बेलगावी अधिवेशन को विवादों में घेर लिया है और यह देखा जाएगा कि कांग्रेस इस पर किस तरह का जवाब देती है।