Accident

ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी की हेलीकॉप्टर क्रैश होने से हुई मौत, पीएम मोदी ने जताया शोक। 

Published

on

तेहरान –  ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी को लेकर जा रहे काफिले का हेलीकॉप्टर रविवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ईरानी एजेंसी ने दावा किया है कि हेलीकॉप्टर क्रैश में ईरान के राष्ट्रपति रईसी समेत सभी सवारों की मौत हो गई है। ईरानी रेड क्रीसेंट के प्रमुख ने कहा कि बचाव टीमों से पता चल रहा है कि हेलीकॉप्टर का पूरा केबिन काफी क्षतिग्रस्त और जल गया है।

ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम ने बताया कि ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के साथ उस हेलिकॉप्टर में विदेश मंत्री होसैन अमीर अब्दुल्लाहियन, पूर्वी अजरबैजान प्रांत के गवर्नर मालेक रहमती, तबरीज की शाही इमाम मोहम्मद अली अलहाशेम के साथ-साथ एक पायलट, को-पायलट, चालक दल प्रमुख, सुरक्षा प्रमुख और एक सुरक्षा गार्ड सवार थे।

रिपोर्ट्स के अनुसार, पायलट ने हेलीकॉप्टर से नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते हादसा हुआ। ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी (63 वर्षीय) पूर्वी अजरबैजान जा रहे थे। इसी दौरान अजरबैजान के सीमावर्ती शहर जोल्फा के करीब दुर्घटना घटी, जो ईरान की राजधानी तेहरान से 600 किलोमीटर दूर है। वह रविवार तड़के अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव के साथ एक बांध का उद्घाटन करने वाले थे। यह तीसरा बांध है, जिसे दोनों देशों ने अरास नदी पर बनाया है। पूर्वी अजरबैजान प्रांत के गवर्नर भी राष्ट्रपति के काफिले में शामिल थे।

ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के निधन पर पीएम मोदी ने शोक जताया है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि डॉ. सैयद इब्राहिम रईसी के दुखद निधन से गहरा दुख और झटका लगा है। उन्होंने कहा कि रईसी का भारत-ईरान के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में दिया गया योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार और ईरान के लोगों के लिए मेरी संवेदनाएं। इस दुख की घड़ी में भारत, ईरान के साथ खड़ा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version