Breakingnews
नेता प्रतिपक्ष और बाजपुर विधायक यशपाल आर्य ने नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा सीट पर की दावेदारी पेश।
नैनीताल – नेता प्रतिपक्ष और बाजपुर विधायक यशपाल आर्य ने नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा सीट पर अपनी दावेदारी पेश की है। उनका कहना है कि यदि आलाकमान ने मौका दिया तो वह 2024 का लोकसभा चुनाव जरूर लड़ेंगे।

किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने भी चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली के बाद इस पर फैसला लेंगे। बेहड़ संगठन से खासे नाराज हैं। उनकी नाराजगी भरा वीडियो संगठन में खासी चर्चा का विषय बना है। वीडियो रुद्रपुर के रेशमबाड़ी में कार्यकर्ताओं की बैठक का है। इसमें वह जिले के पार्टी के नेताओं पर निशाना साध रहे हैं और तंज कस रहे हैं। इसमें बेहड़ कहते नजर आ रहे हैं कि
जिले में आपराधिक लोगों को संगठन में पद दिए जा रहे हैं। उन्हें (बेहड़ को) गालियां देने वाले को जिले में सबसे बड़ा पद दिया गया है। उनसे संघर्ष करने के लिए ऐसे लोगों को संगठन में पद देकर तैयार किया जा रहा है लेकिन वह कांग्रेस में आस्तीन के सांपों से संघर्ष करेंगे। खटीमा के एक नेता लोकसभा के टिकट के सपने देख रहे हैं। वह दोबारा जीतकर तो दिखाएं।
जीतने वाले को ही टिकट मिलेगा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि पार्टी जीतने वाले चेहरे पर ही दांव लगाएगी। आगामी लोकसभा चुनाव में टिकट बंटवारे के लिए प्रदेश और केंद्र स्तर पर सर्वे चल रहा है। कांग्रेस भाजपा की नाकामी को जनता के बीच पहुंचाकर विकास के लिए वोट मांगेगी।