Dehradun
उत्तराखंड में कोहरे और शीतलहर से जनजीवन प्रभावित, रखें सतर्कता….
देहरादून : उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पहाड़ों पर दिन में चटक धूप राहत दे रही है, लेकिन सुबह और शाम में ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। वहीं, धूप का आनंद लेने के लिए लोग दोपहर के समय बाहर निकल रहे हैं।
कोहरे के कारण विजिबिलिटी में भारी कमी आई है, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है, और कोहरे के चलते सड़क हादसों का खतरा भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि आज प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि सुबह के समय कुहासा छाने की संभावना जताई है।
राजधानी देहरादून में आज मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां अधिकतम तापमान 20°C और न्यूनतम तापमान 10°C के आसपास रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से मौसम तेजी से बदल रहा है। पहाड़ों में जहां कड़ाके की ठंड महसूस हो रही है, वहीं हल्द्वानी सहित तराई क्षेत्रों को कोहरे ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है। इस कारण तापमान में भारी गिरावट देखी जा रही है। हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 4°C तक पहुँच गया है, जबकि अधिकतम तापमान 15°C दर्ज किया गया है। शीतलहर के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हैं, और ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड और कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। इसके साथ ही, पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना भी जताई गई है।