Haldwani

उत्तराखंड में भू-माफिया की हिम्मत देखिए…सड़क की भी कर दी रजिस्ट्री

Published

on

हल्द्वानी: उत्तराखंड में लैंड फ्रॉड के मामले अक्सर सामने आते रहते हैं लेकिन इस बार हल्द्वानी से जो मामला सामने आया है उसने सबको चौंका दिया है। यहां भू-माफियाओं ने विभागीय लोगों की मिलीभगत से सड़क की जमीन को बेच डाला वो भी बाकायदा रजिस्ट्री के साथ। सबसे हैरानी की बात ये है कि यह धोखाधड़ी 14 साल तक किसी को पता तक नहीं चली।

पूरा मामला नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर के मुखानी थाना क्षेत्र का है। यहां सेना के एक जवान समेत कुल 9 लोगों को सड़क की जमीन बेच दी गई। जमीन की बाकायदा रजिस्ट्री भी कराई गई थी और कुछ लोगों ने तो चारदीवारी तक कर ली थी।

इस मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित सेना का जवान, जो इस समय कश्मीर में तैनात है छुट्टी लेकर हल्द्वानी आया और अपनी जमीन देखने गया। उसने देखा कि उसकी जमीन पर किसी और ने तारबाड़ लगा दी है। जांच करने पर पता चला कि यह जमीन असल में सड़क की है और उसकी रजिस्ट्री किसी और के नाम पर है।

यह मामला कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की जनसुनवाई में पहुंचा जहां से पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए गए। पुलिस ने जांच के बाद प्रॉपर्टी डीलर हेम चंद्र जोशी और उनके भाई सुरेश चंद्र जोशी के खिलाफ धोखाधड़ी और लैंड फ्रॉड का केस दर्ज कर लिया है।

सेना के जवान ने यह जमीन 2011 में अपनी पत्नी के नाम से खरीदी थी। जमीन की रजिस्ट्री और चारदीवारी भी करवाई गई थी। लेकिन अब सामने आया है कि वह जमीन असल में सड़क पर है। इतना ही नहीं….इसी तरह की फर्जी रजिस्ट्री के जरिए कुल 9 प्लॉट बेचे गए हैं।

मुखानी थाना प्रभारी दिनेश जोशी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्दी ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि भू-माफिया किस तरह लोगों को ठगने के लिए फर्जी दस्तावेजों का सहारा ले रहे हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version