Uttarakhand
उत्तरकाशी में बड़ा हादसा: गंगनानी के पास हेलीकॉप्टर क्रैश, राहत-बचाव कार्य जारी….
उत्तरकाशी : उत्तराखंड के सीमांत जनपद उत्तरकाशी से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। जिले के गंगनानी क्षेत्र के पास एक निजी कंपनी एरो ट्रिंक का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर में 5 से 6 यात्री सवार थे, जिनमें से दो के घायल होने की पुष्टि हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया और राहत एवं बचाव टीमें मौके की ओर रवाना हो गईं। उत्तरकाशी जिला प्रशासन, पुलिस, सेना, आपदा प्रबंधन की QRT टीम, 108 एंबुलेंस, तहसीलदार भटवाड़ी, BDO भटवाड़ी और राजस्व विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं और रेस्क्यू कार्य तेजी से जारी है।
बताया जा रहा है कि यह हेलीकॉप्टर जंगल में, एक अत्यंत दुर्गम स्थान पर गिरा है, जिससे राहत कार्यों में बाधाएं आ रही हैं। जिला मुख्यालय से गंगनानी की दूरी लगभग 50 किलोमीटर है, और पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण वहां पहुंचने में समय लग रहा है।
गौरतलब है कि इन दिनों राज्य में चारधाम यात्रा चल रही है, और उत्तरकाशी जिले में ही यमुनोत्री और गंगोत्री धाम स्थित हैं। यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि क्रैश हुआ हेलीकॉप्टर तीर्थयात्रियों को ले जा रहा था या उसका कोई और उद्देश्य था।
प्रदेश में लगातार खराब मौसम भी राहत कार्यों को प्रभावित कर रहा है। जिला प्रशासन ने फिलहाल घटनास्थल की पुष्टि करते हुए स्थिति पर नजर बनाए रखी है।
#HelicopterCrash #UttarkashiAccident #ChardhamYatra #RescueOperation #AeroTrinkHelicopter