Dehradun
देहरादून पुलिस में बड़ा फेरबदल: 13 उपनिरीक्षकों का तबादला, दो महिला SI को मिली चौकी की कमान…
देहरादून: राजधानी देहरादून में कानून व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एसएसपी अजय सिंह ने एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। देर रात 13 उपनिरीक्षकों के तबादले किए गए हैं, जिसमें दो महिला उपनिरीक्षकों को चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी भी दी गई है। इसके साथ ही कई चौकियों पर जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया है।
इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में नैतिकता और पारदर्शिता के संदर्भ में भी अहम माना जा रहा है, खासतौर पर तब जब हाल ही में आईएसबीटी चौकी इंचार्ज को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए विजिलेंस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसी चौकी से 11 पुलिसकर्मियों का तत्काल ट्रांसफर किया गया था।
एसएसपी अजय सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि संबंधित थाना प्रभारी तुरंत सभी उपनिरीक्षकों को उनके नवीन कार्यस्थल पर भेजने की प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने अधिकारियों से कानून व्यवस्था को लेकर सख्ती बरतने और जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा है।