Breakingnews

उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों के प्रचार में नया तरीका, कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों से गूंजेगा खेल एंथम…..

Published

on

देहरादून : उत्तराखंड में आयोजित होने जा रहे 38वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही हैं। खेल विभाग और सरकार के प्रयासों से राज्य भर में इन खेलों का प्रचार-प्रसार तेजी से किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन खेलों से जुड़ें और राज्य की खेल संस्कृति को बढ़ावा मिले।

राष्ट्रीय खेलों का आयोजन 28 जनवरी से 14 फरवरी 2025 के बीच होना है, जिसमें 36 प्रकार के खेलों को शामिल किया गया है, जिनमें योगासन भी प्रमुख है। इस महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर पहले ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 15 दिसंबर 2024 को खेलों की जर्सी, मस्कट, लोगो और एंथम का अनावरण किया था, जिसके बाद से राज्य में इस आयोजन की तैयारियों में तेजी आई है।

अब खेल विभाग ने राष्ट्रीय खेलों के प्रचार के लिए एक अनोखी पहल की है। विभाग ने कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों से खेल एंथम का प्रचार करने का निर्णय लिया है। इस प्रचार का उद्देश्य राज्यवासियों को राष्ट्रीय खेलों से जोड़ना और उनके बीच जागरूकता फैलाना है। कूड़ा वाहन पर खेल एंथम की इन प्रेरणादायक पंक्तियों को बजाया जाएगा:

“आन बान शान के शौर्य का प्रमाण ले एकत्र सर्वश्रेष्ठ है मैदान में ना कोई विकल्प हो संकल्प से शिखर तक विजय गाथा लिख दे आसमान में”

यह प्रचार अभियान पहले चरण में उन जिलों में लागू किया जाएगा, जहां राष्ट्रीय खेलों का आयोजन होगा। इन जिलों में देहरादून, हरिद्वार, पिथौरागढ़, उधमसिंहनगर, नैनीताल और टिहरी शामिल हैं। इसके साथ ही 23 दिसंबर 2024 को देहरादून के राजीव गांधी स्टेडियम से तीन सजे-धजे प्रचार वाहनों को रवाना किया गया था और 26 दिसंबर 2024 को हल्द्वानी के गौलापार से मशाल यात्रा भी शुरू की गई थी।

विशेष खेल सचिव अमित सिन्हा ने बताया कि यह प्रयास प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय खेलों से जोड़ने का है और यह प्रचार का एक नया और प्रभावी तरीका हो सकता है। इसके अलावा, प्रदेश से संचालित एफएम रेडियो की मदद भी ली जाएगी, जिससे खेलों की जानकारी और एंथम का प्रचार और भी व्यापक रूप से किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version