Dehradun

उत्तराखंड सचिवालय में नववर्ष उत्सव , मुख्य सचिव ने सचिवालय के कर्मचारियों को दी नव वर्ष की बधाई….

Published

on

देहरादून: उत्तराखंड सचिवालय में आयोजित ‘नववर्ष शुभकामनाएं’ कार्यक्रम में मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को नववर्ष 2025 की बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की समृद्धि और खुशहाली की कामना की और राज्य के विकास में सभी की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सचिवालय के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि सचिवालय राज्य की सर्वश्रेष्ठ प्रशासनिक संस्था है, जिसके कार्यों के कारण प्रदेश ने एसडीजी (सतत विकास लक्ष्य) इंडेक्स में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे नए वर्ष में और अधिक मेहनत और जोश से कार्य करें ताकि राज्य का यह प्रथम स्थान बरकरार रहे और प्रदेश हर क्षेत्र में आगे बढ़े।

मुख्य सचिव ने कहा, “सचिवालय का कार्य प्रशासनिक क्षेत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण है और यहां काम करने वाले कर्मचारियों की भूमिका न केवल सरकार की नीतियों को लागू करने की है, बल्कि यह सुनिश्चित करने की भी है कि आम जनता को समय पर राहत मिले और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।”

राधा रतूड़ी ने सभी कर्मचारियों से यह भी कहा कि सचिवालय में आने वाले नागरिकों को ऐसा अनुभव होना चाहिए कि वे एक शीर्ष संस्था में प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने कार्यशैली में सुधार की आवश्यकता पर बल दिया और सभी को आम जनता की सेवा में पूरी ईमानदारी और समर्पण से काम करने का आह्वान किया।

मुख्य सचिव ने इस विश्वास को व्यक्त किया कि 2025 में राज्य सभी क्षेत्रों में और भी अधिक सफलता हासिल करेगा और उनकी पूरी टीम के सहयोग से उत्तराखंड राज्य प्रगति की नई ऊँचाइयों को छुएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version