Dehradun
पुलिस मुख्यालय में गणतंत्र दिवस पर महानिदेशक दीपम सेठ ने ध्वजारोहण कर पुलिस कर्मियों को किया सम्मानित !
देहरादून: आज गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने ध्वजारोहण किया और राज्य के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई। इस अवसर पर राज्य पुलिस के कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित भी किया गया।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने समारोह में अपने संबोधन में कहा कि हम सभी आज 76वें गणतंत्र दिवस के इस पावन अवसर पर यहां एकत्रित हुए हैं। यह दिन केवल एक तिथि नहीं, बल्कि हमारे देश की लोकतांत्रिक आत्मा का प्रतीक है। आज के दिन, 1950 में हमारा संविधान लागू हुआ था, जो प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है।
उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं के संघर्ष और नेतृत्व के कारण ही हमें यह गौरवमयी दिन देखने का अवसर प्राप्त हुआ है।
पुलिस महानिदेशक ने आगे कहा कि उत्तराखंड पुलिस के हर सदस्य ने अपनी निष्ठा, समर्पण और कर्तव्य परायणता के साथ राज्य की सुरक्षा और कल्याण के लिए अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया है। आपकी मेहनत और समर्पण से उत्तराखंड पुलिस ने हर चुनौती का सामना किया है। मैं आप सभी को गर्व महसूस कराता हूं कि आप इस राज्य के प्रहरी हैं।
गणतंत्र दिवस-2025 के इस अवसर पर, भारत सरकार द्वारा उत्तराखंड पुलिस के एक कर्मी को राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक, और पांच अन्य को सराहनीय सेवा के लिए पदक प्रदान किया गया। इसके अलावा, पुलिस महानिदेशक ने कुल 53 पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया। इनमें से 8 पुलिस कर्मियों को ‘राज्यपाल उत्कृष्ट सेवा पदक’, 15 को ‘पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क गोल्ड’ और 30 पुलिस कर्मियों को ‘पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर’ प्रदान की गई।
इसके अलावा, रुद्रप्रयाग के फायर स्टेशन को ‘Best Fire Station’ की ट्रॉफी दी गई, जिससे फायर विभाग के कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन के अंत में, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने सभी पुलिस कर्मियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी और उन्हें कठिन परिश्रम, निष्ठा, ईमानदारी और उत्तम आचरण के साथ अपनी सेवा को और भी बेहतरीन बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपनी छवि को आम जनता में उज्जवल बनाए रखें और अपने कर्तव्यों को और बेहतर तरीके से निभाएं।
समारोह में अपर पुलिस महानिदेशक वी0 मुरूगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक ए पी अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
#RepublicDay #FlagHoisting #PoliceHeadquarters #DeepamSeth #AwardCeremony