Dehradun

सावन सोमवार पर CM धामी और पत्नी गीता धामी ने किया भोलेनाथ का जलाभिषेक

Published

on

देहरादून: सावन सोमवार के पावन पर्व पर आज पूरे प्रदेश के प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। हर कोई ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचा। भक्त जल कलश लेकर लंबी कतारों में खड़े नजर आए और अपनी आस्था के साथ भोलेनाथ का अभिषेक किया।

सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पत्नी गीता धामी संग जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने श्रद्धा भाव से पूजा अर्चना कर भोलेनाथ से सभी के कल्याण की प्रार्थना की।

उधर श्रीनगर के कटकेश्वर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। मंदिर प्रशासन की ओर से जलाभिषेक के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे, जिससे भक्तों को किसी तरह की असुविधा न हो। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा कर भगवान शिव से अपने दुख दूर करने की प्रार्थना की।

देहरादून के धर्मपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी रही। भक्तों ने शिवलिंग पर बेलपत्र, जल और दूध चढ़ाकर भोलेनाथ का अभिषेक किया। शिव नाम के गगनभेदी जयकारों से माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

आराघर स्थित पंचायती मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने पूरी आस्था के साथ जलाभिषेक किया। मंदिर समिति की ओर से विशेष पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए।

सावन का यह पावन पर्व शिवभक्ति की भावना को और प्रगाढ़ कर देता है। हर सोमवार को बड़ी संख्या में लोग व्रत रखकर शिवालयों में पहुंचते हैं और भोलेनाथ का जलाभिषेक कर मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना करते हैं। प्रदेशभर के शिवालयों में उमड़े इस श्रद्धा सागर ने आज सावन की महिमा को एक बार फिर सिद्ध कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version