देहरादून – 38वें राष्ट्रीय खेल 28 जनवरी से 14 फरवरी 2025 तक उत्तराखंड में आयोजित होंगे। इस संबंध में पूरा कार्यक्रम 25 अक्टूबर 2024 को प्रस्तावित भारतीय ओलंपिक संघ की आम सभा की बैठक में जारी किया जाएगा। इसके साथ ही, उत्तराखंड में विंटर नेशनल गेम का भी आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को नई दिल्ली में भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पी.टी. उषा से भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा, “यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि उत्तराखंड को 38वें राष्ट्रीय खेलों की जिम्मेदारी मिली है।” उन्होंने डॉ. उषा का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बदरीनाथ और केदारनाथ दर्शन के लिए आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए उत्तराखंड पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा, “राज्य में खेलों के लिए काफी इन्फ्रास्टक्चर बनकर तैयार है। देवभूमि उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन भव्य तरीके से किया जाएगा।”
धामी ने यह स्पष्ट किया कि पिछले राष्ट्रीय खेलों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए, राज्य में खेलों के आयोजन को और बेहतर बनाने के लिए कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास होगा कि उत्तराखंड में होने वाले राष्ट्रीय खेलों का आयोजन अब तक के राष्ट्रीय खेलों से बेहतर हो।”
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि खेलों की अच्छी व्यवस्था के साथ-साथ खिलाड़ियों और देश भर से आने वाले लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि प्रदेश में राष्ट्रीय खेल के आयोजन से यहां के लोगों का मनोबल और प्रोत्साहन भी बढ़ेगा।