big news

पीएम मोदी के दौरे को लेकर तैयारियां पूरी, अलर्ट मोड में जिला प्रशासन, चप्पे-चप्पे पर रखी जा रही नजर

Published

on

PM Modi Uttarakhand Visit : पीएम मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून भ्रमण और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल ने जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और अधिकारियों को अंतिम समय तक सतर्क एवं समन्वित रहने के निर्देश दिए।

पीएम मोदी के दौरे को लेकर तैयारियां पूरी

पीएम मोदी के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए डीएम सविन बंसल ने आज जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक की। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी जोनल अधिकारी अपने अधीन सेक्टर और नोडल अधिकारियों को दायित्वों के प्रति भली-भांति ब्रीफ करें। ताकि किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी एक बार पुनः स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं को तत्काल पूर्ण कराएं।

पीएम के दौरे को लेकर अलर्ट मोड में जिला प्रशासन

लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल, पेयजल सहित सभी संबंधित विभागों को मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करते हुए सेफ्टी सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर मुख्य मंच की व्यवस्थाओं को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए। डाइस प्लान, एनएचएआई के माध्यम से एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण, एंकरिंग, साउंड सिस्टम, एलईडी और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुरूप सभी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। मुख्य मंच के निकट ग्रीन रूम में इंटरनेट, फैक्स लाइन एवं प्रोटोकॉल के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

PM Modi Uttarakhand Visit

आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को दुरूस्त रखने के निर्देश

पंडाल में अतिथियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, जलपान, वाहन पार्किंग, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को उच्चतम स्तर पर रखते हुए एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कार्यक्रम दिवस पर सभी अधिकारी समय से अपने ड्यूटी प्वाइंट पर उपस्थित रहें। आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक प्रस्तावित भ्रमण मार्ग पर स्वागत कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा, सुगमता व शांति व्यवस्थाए सुनिश्चित की जाए। जौलीग्रांट एयरपोर्ट और जीटीसी हेलीपैड की व्यवस्थाओं को भी सुचारू रखने को कहा गया।

चप्पे-चप्पे पर रखी जा रही नजर

बता दें कि प्रधानमंत्री द्वारा 14 अप्रैल को सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के गणेशपुर से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण प्रस्तावित है। इस अवसर पर देहरादून में भी विभिन्न स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने पूरे मार्ग को 13 जोनों में विभाजित कर जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए है। चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version