Maharastra
भारत की समुद्री विरासत को मजबूती देने की दिशा में पीएम मोदी का ऐतिहासिक कदम , तीन युद्धपोतों को राष्ट्र को किया समर्पित….
मुंबई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मुंबई की यात्रा पर हैं, जहां उन्होंने भारतीय नौसेना के तीन अत्याधुनिक युद्धपोतों को राष्ट्र को समर्पित किया। इन युद्धपोतों में आईएनएस सूरत, आईएनएस नीलगिरी और आईएनएस वाघशीर शामिल हैं। मुंबई पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस महत्वपूर्ण मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य वरिष्ठ नेता तथा नौसेना के अधिकारी भी उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर कहा, “आज भारत की समुद्री विरासत, नौसेना के गौरवशाली इतिहास और आत्मनिर्भर भारत अभियान के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। छत्रपति शिवाजी महाराज ने नौसेना को नई ताकत और विजन दिया था। आज उनकी पावन भूमि पर हम 21वीं सदी की नौसेना को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठा रहे हैं। यह पहली बार है जब एक विध्वंसक, एक फ्रिगेट और एक पनडुब्बी, तीनों को एक साथ भारतीय नौसेना में शामिल किया जा रहा है।”

आईएनएस सूरत
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस अवसर पर कहा, “युद्धपोतों का जलावतरण न केवल भारतीय नौसेना का, बल्कि हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की बढ़ती ताकत का भी प्रतीक है। हिंद महासागर क्षेत्र भू-रणनीतिक और आर्थिक दृष्टि से हमेशा महत्वपूर्ण रहा है, और आज के तेजी से बदलते वैश्विक परिप्रेक्ष्य में यह और भी ज्यादा महत्वपूर्ण हो गया है।”
आईएनएस नीलगिरी
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा महाराष्ट्र में बीजेपी की सरकार बनने के बाद पहला है, और इसे आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी इस यात्रा के दौरान महायुति के सभी विधायकों से भी संवाद करेंगे और उन्हें मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
आईएनएस वाघशीर
प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी भारतीय नौसेना के तीन युद्धपोतों को समर्पित करेंगे, जिसमें पी-75 स्कॉर्पियन श्रेणी की आखिरी पनडुब्बी, आईएनएस वाघशीर भी शामिल है। यह पनडुब्बी भारतीय नौसेना में एक आधुनिक युद्धपोत के रूप में परिचित होगी, जिसे फ्रांसीसी नौसेना की इंजीनियरिंग टीम के सहयोग से तैयार किया गया है।