Dehradun

देहरादून की पुलिस लाइन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया योग, देश-विदेश में दिखा उत्साह

Published

on

देहरादून: 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शुक्रवार को देहरादून की पुलिस लाइन एक बार फिर योगमय हो उठी। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यहां प्रतिभाग करते हुए योगाभ्यास किया। इस विशेष कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल भी योग करते नज़र आए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने योग दिवस के उपलक्ष्य में अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर एक प्रेरणादायक संदेश साझा करते हुए कहा योग भारत की प्राचीनतम और गौरवशाली परंपरा का अमूल्य उपहार है। यह न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करता है बल्कि एक सकारात्मक दृष्टिकोण भी प्रदान करता है। उन्होंने आगे लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देवभूमि उत्तराखंड से निकला योग आज संपूर्ण विश्व में अपनाया जा रहा है। आइए, हम सभी योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और एक स्वस्थ, संतुलित समाज के निर्माण में योगदान दें।

योग दिवस को लेकर जौलीग्रांट, भानियावाला, रानीपोखरी, और डोईवाला क्षेत्रों में सुबह से ही जबरदस्त उत्साह देखा गया। जगह-जगह योग शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और युवाओं ने भाग लिया। शिविरों में सूरज निकलने से पहले ही लोग जुटने लगे और सामूहिक रूप से योग का अभ्यास किया।

कर्णप्रयाग के खगेली गांव की 28 वर्षीय अंजलि कुंवर योग को वैश्विक पहचान दिलाने में जुटी हैं। वह रोजाना 30 से अधिक विदेशी नागरिकों को ऑनलाइन योगाभ्यास कराती हैं। यही नहीं, भारत के विभिन्न राज्यों से 100 से अधिक लोग उनके ऑनलाइन बैच में नियमित रूप से योग प्रशिक्षण ले रहे हैं। अंजलि बताती हैं कि उन्होंने अपने गांव से ही इस पहल की शुरुआत की थी, और आज उनके पास देश-विदेश से जुड़ने वाले हजारों लोग हैं।

योग दिवस ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि योग सिर्फ एक व्यायाम नहीं, बल्कि एक जीवनशैली है — जो भारत की सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है और अब पूरी दुनिया इसे अपनाने को तैयार है।

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version