Ramnagar
रामनगर के युवक का जला हुआ शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
Ramnagar News : रामनगर के निकट स्थित करैलपुरी गांव में एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में जला हुआ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या कर शव को जलाने का आरोप लगाया है।
Table of Contents
रामनगर के युवक का जला हुआ शव मिलने से सनसनी
रामनगर करैलपुरी में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गय,जब जंगल क्षेत्र में एक 30 वर्षीय युवक का जला हुआ शव बरामद हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मृतक के परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को जलाने का गंभीर आरोप लगाया है।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार करैलपुरी निवासी ईश्वर सिंह ने बताया कि उनका 30 वर्षीय भतीजा गुरदास बुधवार सुबह गांव के ही रहने वाले छिंदर सिंह के साथ मजदूरी के लिए गया था।
देर शाम तक जब गुरदास घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर जंगल में गुरदास का जला हुआ शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।

खौलता हुआ लहन डालकर उसकी हत्या के आरोप
मृतक के ताऊ ईश्वर सिंह का आरोप है कि छिंदर सिंह अवैध कच्ची शराब के कारोबार से जुड़ा हुआ है,उनका कहना है कि पहले गुरदास से छप्पर बंधवाया गया और बाद में उससे कच्ची शराब तैयार कराने का काम कराया गया।
इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद छिंदर सिंह और उसके साथियों ने गुरदास के साथ मारपीट की और उस पर खौलता हुआ लहन डालकर उसकी हत्या कर दी। परिजनों ने पुलिस से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
संदिग्धों को पुलिस ने लिया हिरासत
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने पूछताछ के लिए पांच से छह संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।