Ramnagar
रामनगर नगर पालिका में कुमाऊं कमिश्नर ने किया औचक निरीक्षण, मौके पर मचा हड़कंप
Ramnagar News : रामनगर नगर पालिका में कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत के औचक निरीक्षण से हड़कंप मच गया। सोमवार को कमिश्नर ने नगर पालिका के स्टोर, ऊंट पड़ाव स्थित स्लॉटर हाउस और पशु बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान रिकॉर्ड और व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल सामने आए।
Table of Contents
रामनगर नगर पालिका में कुमाऊं कमिश्नर ने किया औचक निरीक्षण
नगर पालिका के स्टोर में डस्टबिन, चूना, ब्लीचिंग पाउडर और झाड़ू समेत खरीदी गई सामग्री का रिकॉर्ड तो मिला, लेकिन सामान किसे और कितनी मात्रा में वितरित किया गया, इसका पूरा ब्यौरा उपलब्ध नहीं हो सका। कमिश्नर ने इसे गंभीरता से लेते हुए खरीद से लेकर वितरण तक सभी सामान का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए। मामले की तथ्यपरक जांच के लिए नैनीताल जिलाधिकारी को निर्देशित किया गया है।

खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की ली जानकारी
कमिश्नर ऊंट पड़ाव स्थित स्लॉटर हाउस और पशु बाजार पहुंचे। यहां पशुओं की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज, अनुमति और अन्य जरूरी रिकॉर्ड की जानकारी ली गई। इसी दौरान एक पिकअप वाहन में तीन भैंसें लदी मिलीं। कमिश्नर ने वाहन और पशुओं को कब्जे में लेने और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पशु क्रूरता के तहत मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।
संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की जांच के आदेश
मामले में नगर पालिका ईओ आलोक उनियाल का वेतन रोकने के साथ स्टोर कीपर प्रमोद कुमार, टीएस शिखा समेत संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की जांच के आदेश भी दिए गए हैं। जांच में नियमों का उल्लंघन सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।