Ramnagar
दिल्ली में हुए लाठीचार्ज के विरोध में रामनगर में हुआ प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर हुई नारेबाजी
Ramnagar News : दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को रामनगर के लखनपुर चौक पर संयुक्त संघर्ष समिति ने प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
Table of Contents
दिल्ली में हुए लाठीचार्ज के विरोध में रामनगर में हुआ प्रदर्शन
रामनगर में आज प्रदर्शन के दौरान लोगों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर युवाओं के समर्थन में आवाज बुलंद की और घटना की निंदा की। संयुक्त संघर्ष समिति की सदस्य सरस्वती जोशी ने कहा कि लंबे समय से कुछ युवा जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे।
उनके अनुसार प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया गया और बाद में 20 तारीख को आयोजित संसद मार्च के दौरान भी शांतिपूर्वक रैली निकाल रहे युवाओं पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई में कई प्रदर्शनकारी घायल हुए और महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया।

केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर हुई नारेबाजी
सरस्वती जोशी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की आवाज दबाने के लिए पुलिस प्रशासन का सहारा ले रही है, जिसकी संयुक्त संघर्ष समिति घोर निंदा करती है।
सड़कों पर उतरकर आंदोलन की दी चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर भविष्य में भी युवाओं पर इसी प्रकार की कार्रवाई की गई तो रामनगर की जनता और अधिक संख्या में सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ भी नारे लगाए गए।
समिति की ओर से कहा गया कि यदि सरकार युवाओं को रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा सकती तो संबंधित जिम्मेदार लोगों को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि सरकार को युवाओं की मांगों को सुनने के बजाय बल प्रयोग की नीति छोड़कर संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए।