Dehradun
गणतंत्र दिवस समारोह: राज्यपाल गुरमीत सिंह ने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की, देश की प्रगति पर दिया संदेश…
देहरादून: देहरादून के परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस के अवसर पर समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने परेड की सलामी ली। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की झांकियां प्रस्तुत की गईं और छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया।
राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज हमारी पहचान केवल आर्थिक और सैन्य ताकत तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारी उपलब्धियां विज्ञान, तकनीक, खेल और संस्कृति में भी अद्वितीय हैं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने महात्मा गांधी, भारतीय संविधान के शिल्पी डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान निर्माताओं को भी नमन किया।
राज्यपाल ने आगे कहा कि हम 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। आज का नया भारत हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है और वैश्विक मंच पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है। उन्होंने बताया कि भारत अब दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक बन चुका है। मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों के जरिए उत्पादन और निर्यात को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया गया है। भारत अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है, जो हमारे युवा उद्यमियों की कड़ी मेहनत और रचनात्मकता का परिणाम है।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड भी देश की विकास यात्रा में सक्रिय रूप से योगदान दे रहा है। राज्य सरकार के प्रयासों और प्रदेशवासियों के परिश्रम से हम आर्थिक और सामाजिक विकास के नए आयाम छूने के साथ-साथ अग्रणी राज्यों में शामिल होने की दिशा में तेजी से बढ़ रहे हैं।
#RepublicDayCelebration, #UttarakhandProgress, #GovernorGurmeetSingh, #CulturalPrograms, #NationalIntegration