Dehradun

आयुक्त विनय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में चारधाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा, 25 अप्रैल तक सड़कों के सुधारीकरण के दिए निर्देश…

Published

on

देहरादून : आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में शनिवार को चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप कार्यालय ऋषिकेश में बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में फरवरी माह में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में अद्यतन किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। मुख्य रूप से सड़कों के रखरखाव, चौड़ीकरण, पैचवर्क और डामरीकरण जैसे कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों से सड़कों और आवश्यक व्यवस्थाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और 25 अप्रैल तक सड़कों के सुधारीकरण कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने यात्रा व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, पार्किंग क्षमता बढ़ाने, पैदल मार्गों का सुधारीकरण, स्वास्थ्य सेवाएं, हेली सर्विस और अन्य सुविधाओं को यात्रा से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धनराशि की कोई कमी नहीं है, और सभी जिलाधिकारी अपनी डिमांड उपलब्ध कराएं।

आयुक्त ने चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए यात्रा रूट पर सभी सड़कों को गढ़ढामुक्त करने और स्लाइड जोन पर प्रोटेक्शन कार्यों को तत्काल पूरा करने की बात कही। केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धामों में बर्फवारी से क्षतिग्रस्त रैन सेल्टर, आस्था पथ और पैदल मार्गों को जल्द ठीक करने के निर्देश दिए। साथ ही, यात्रा मार्ग पर चिन्हित पार्किंग स्थलों की क्षमता और वहां जरूरी संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही।

इसके अतिरिक्त, पर्यटन विभाग को यात्रियों के पंजीकरण काउंटरों पर स्टाफ की तैनाती और ऑनलाइन व ऑफलाइन पंजीकरण प्रक्रिया में सुधार करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को चमोली जनपद के लिए एंबुलेंस उपलब्ध कराने और अस्थाई चिकित्सा केंद्रों में चिकित्सक और स्टाफ की तैनाती करने को कहा गया।

परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने और ओवरलोडिंग को रोकने के लिए उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सभी धामों और यात्रा मार्ग पर सुलभ शौचालयों में पानी और सफाई रखने के निर्देश दिए गए।

आयुक्त ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान सभी विभागों को उच्च प्राथमिकता के साथ कार्य पूर्ण करने होंगे ताकि यात्रियों को कोई असुविधा न हो।

 

 

 

 

 

 

 

 

#VinayShankarPandey #CharDhamYatra #RoadMaintenance #TravelArrangements #InfrastructureDevelopment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version