big news
हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही बस खाई में गिरी, आठ लोगों की मौके पर ही मौत, रेस्क्यू जारी
Rishikesh Accident : उत्तराखंड में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर यात्रियों से भरी एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि अब तक आठ लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई यात्री घायल हैं।
Table of Contents
हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही बस खाई में गिरी
हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही यात्रियों से भरी बस मंगलवार सुबह गूलर बाजार के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अनियंत्रित होकर बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें सात यात्रियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल ने ऋषिकेश एम्स में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही मौत
जानकारी के मुताबिक, विश्वनाथ सेवा की ये बस मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हरिद्वार से रवाना हुई थी। हादसे के वक्त बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

अब तक 20 घायलों को बस से बाहर निकाला गया
एसएसपी श्वेता चौबे के मुताबिक, हादसे में चार शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य लोगों की तलाश के लिए खाई में रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 20 घायलों को बस से बाहर निकाला गया है। इनमें से 19 को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जबकि अन्य घायलों को ऋषिकेश के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें भी मौके पर भेजी गई हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर रेस्क्यू अभियान जारी है।