Rudraprayag
रुद्रप्रयाग वन विभाग की त्वरित करवाई, हिमालयन घुरल के शिकार के आरोप में युवक गिरफ्तार
रुद्रप्रयाग: बुधवार को वन विभाग रुद्रप्रयाग की टीम को सूचना मिली थी कि रुद्रप्रयाग जनपद के उखीमठ ब्लॉक के अन्तर्गत राऊ लैंक गाँव में एक व्यक्ति ने हिमालयन घुरल का शिकार किया है। इस पर त्वरित करवाई करते हुए आरोपी व्यक्ति को वन प्रभाग रुद्रप्रयाग की गुप्तकाशी यूनिट ने हिरासत में लिया।
हिमालयन घुरल का शिकार करने के आरोप में युवक गिरफ्तार
उप प्रभागीय वनाधिकारी डी एस पुंडीर ने बताया कि वन प्रभाग रुद्रप्रयाग की गुप्तकाशी यूनिट को उखीमठ ब्लॉक के अन्तर्गत राऊ लैंक में एक व्यक्ति बृजमोहन सिंह नेगी द्वारा घर पर हिमालयन घुरल का शिकार करने और घर पर मांस पकाने की सूचना मिली। जिसके बाद वन विभाग की गुप्तकाशी यूनिट को घटना स्थल पर भेजा गया। जहाँ पर अभियुक्त और उसके परिवार जनों से पूछ्ताछ की गयी।
अभियुक्त ने शिकार करने और मांस पकाने का अपराध स्वीकार किया
वन विभाग की पूछताछ में अभियुक्त बृजमोहन सिंह नेगी और उनके परिवार जनों ने हिमालयन घुरल का शिकार करने और मांस पकाने के अपराध को स्वीकार किया है। उक्त अपराध 1972 की धारा – 9 , 39 ,और 44 के अन्तर्गत दंडनीय अपराध है।
दंडनीय अपराध में किया अभियुक्त को गिरफ्तार
अभियुक्त को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 यथा संशोधित 2022 के अन्तर्गत प्रथम अनुसूची में आने वाले हिमालयन घुरल का शिकार करने के अपराध में गिरफ़्तार किया गया। जिसके बाद अभियुक्त को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रुद्रप्रयाग के सामने प्रस्तुत किया गया। अभियुक्त को न्यायलय द्वारा न्यायिक अभिरक्षा में रखा गया है। वन विभाग द्वारा गठित संयुक्त टीम में वन क्षेत्राधिकारी गुप्तकाशी सहित वन दरोगा अभिषेक नेगी, वन आरक्षी कुलजीत सिंह और दैनिक श्रमिक दलीप बिष्ट शामिल थे।