Crime
42 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई…
खटीमा: कोतवाली क्षेत्र में नशा तस्करी पर नकेल कसने के लिए एसटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) और खटीमा कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। खटीमा के पहनिया बाईपास क्षेत्र में स्टोन क्रशर के पास से एक युवक को 141 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान यूसुफ अंसारी उर्फ गुड्डू, निवासी वार्ड नंबर 13, शारदा टाकीज, खटीमा के रूप में हुई है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 42 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह हेरोइन नानकमत्ता के एक व्यक्ति “हैरी” से लेकर आता था और खटीमा क्षेत्र में इसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
एसटीएफ सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी से कई अन्य ड्रग्स तस्करों की जानकारी मिली है, जिनके खिलाफ शीघ्र ही कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल टीम आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
खटीमा क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यह कार्रवाई उसी अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को नशा तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।
#HeroinTrafficking #KhatimaPoliceAction #STFDrugBust #AntiNarcoticsOperation #NDPSActArrest