Dehradun
एसपीजी की एडवांस टीम पहुंची देहरादून, पीएम मोदी के लिए सुरक्षा इंतजामों का लिया विस्तृत जायजा….
देहरादून : उत्तराखंड में पहली बार 38वें राष्ट्रीय खेल आयोजित होने जा रहे हैं। इस ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद 28 जनवरी को देहरादून में इन खेलों का शुभारंभ करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी के इस महत्वपूर्ण दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में शुक्रवार 24 जनवरी को एसपीजी (विशेष सुरक्षा समूह) की एडवांस टीम ने कार्यक्रम स्थल, रजत जयंती खेल परिसर देहरादून का दौरा किया। एसपीजी की टीम ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 जनवरी को दोपहर 3:30 बजे महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज पहुंचेंगे, जहां वह करीब दो घंटे तक अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक के बाद, करीब 6:00 बजे प्रधानमंत्री मोदी महाराणा स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में बने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन की ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन होगा। प्रधानमंत्री मोदी इस कार्यक्रम के दौरान 38वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करेंगे।
एसपीजी की एडवांस टीम ने शुक्रवार को स्टेडियम परिसर में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विशेष रूप से, एंट्री गेट और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाली ओपनिंग सेरेमनी की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। सुरक्षा मानकों को लेकर सभी व्यवस्थाओं को पुख्ता किया जा रहा है, ताकि प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की कोई अनहोनी न हो।