Pithauragarh
स्कूल बस पर गिरे पत्थर, जानें कैसे प्रशासन ने बचाई बच्चों की जान!
स्कूल बस पर गिरे पत्थर, बच्चे सुरक्षित
पिथौरागढ़: पिथौरागढ़ जिले के विकासखंड धारचूला के अंतर्गत घटखोला के पास आज विवेकानंद विद्या मंदिर, घटखोला धारचूला की स्कूली बस पर अचानक पहाड़ से पत्थर गिरने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी धारचूला जितेंद्र वर्मा अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुँचे। उन्होंने घटनास्थल पर पहुँचकर बच्चों और स्टॉफ को सुरक्षित किया और उन्हें सकुशल उनके गंतव्य स्थल एवं घरों तक भेजने की व्यवस्था की। उपजिलाधिकारी ने कहा कि सभी बच्चे पूर्णतः सुरक्षित हैं, किसी भी बच्चे को किसी प्रकार की चोट नहीं आई है और अभिभावकों को सूचित कर उन्हें बच्चों को सौंप दिया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पहाड़ी से एक बड़ा बोल्डर अचानक खिसककर सड़क पर आ गिरा, जो सीधे स्कूली वाहन से टकरा गया। सौभाग्यवश, कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। उन्होंने BRO, लोक निर्माण विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग को निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थलों की तत्काल पहचान कर वहाँ निरंतर निगरानी की जाए।
इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से भी आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वाहनों की नियमित जाँच करें और खतरनाक मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतें।