Accident
टिहरी: होटल के बाहर खड़ी बस अचानक फिसली, मकान की छत पर गिरी…
टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। टिहरी-श्रीनगर मोटर मार्ग पर पौखाल स्यालकुंड के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर करीब 10 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए एक मकान की छत पर जा गिरी। इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, बस में उड़ीसा से आए श्रद्धालु सवार थे जो बदरीनाथ धाम की यात्रा पर निकले थे। यात्रा के दौरान बस स्यालकुंड क्षेत्र में एक होटल के पास रुकी थी, जहां सभी यात्री भोजन के लिए नीचे उतर गए थे। इसी दौरान बस में सिर्फ तीन यात्री ही मौजूद थे कि अचानक बस अनियंत्रित हो गई और बलवीर सिंह के मकान की छत पर जा गिरी।
घटना में घायल यात्री:
कैलाश चंद्र शाहू
अनिल शर्मा
पोरी गीता शाहू
घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से श्रीनगर बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त अधिकांश यात्री बस में मौजूद नहीं थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय प्रशासन ने सभी यात्रियों और ड्राइवरों से पहाड़ी मार्गों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है, विशेषकर तीर्थ यात्राओं के दौरान जब यात्री संख्या अधिक होती है।
#BusAccident #TehriGarhwal #BadrinathPilgrimage #InjuredPassengers #RoadMishap