Udham Singh Nagar
नैनीताल घूमने आए थे, लौटते वक्त कार चुरा ले गए, बाजपुर पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे
रुद्रपुर (बाजपुर): बाजपुर कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए क्रेटा कार चोरी के मामले का खुलासा कर दिया है। राजस्थान के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की गई कार बरामद कर ली गई है। यही नहीं, आरोपियों से घटना में इस्तेमाल की गई एक स्विफ्ट डिजायर कार भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
ऐसे हुआ खुलासा
10 सितंबर को बाजपुर निवासी संदीप कुमार की क्रेटा कार चोरी हो गई थी। जैसे ही इसकी सूचना पुलिस को मिली, टीम मौके पर पहुंची और फौरन जांच शुरू कर दी। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, और दो टीमों का गठन कर उत्तराखंड, यूपी, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के संभावित इलाकों में सुराग जुटाए गए।
मुखबिर की सूचना से मिली सफलता
18 सितंबर को पुलिस को बड़ी सफलता मिली जब एक मुखबिर ने सूचना दी कि चोरी की गई कार गढ़मुक्तेश्वर इलाके में देखी गई है। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर दबिश दी और गढ़मुक्तेश्वर फ्लाईओवर के नीचे से क्रेटा कार बरामद कर ली।
गिरफ्तार हुए आरोपी
मौके से राजस्थान के हनुमान सिंह गुर्जर उर्फ हन्नी और सतीश गुर्जर, दोनों निवासी मंडावर थाना क्षेत्र, जिला दौसा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 8 सितंबर को नैनीताल घूमने आए थे, और वापस जाते समय बाजपुर से मौका पाकर कार चुरा ली।
पुराना है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों पर राजस्थान में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।