Dehradun
चारों धामों के मौसम की ऐसे मिली जानकारी, 8 या 9 अप्रैल से शुरू होंगे पंजीकरण।
देहरादून – इस बार चारधाम तीर्थ यात्रियों को ट्रांजिट कैंप में चारों धामों के मौसम की अपडेट जानकारी इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले पर दिखाई देंगी। इसके लिए कैंप परिसर में छह एलईडी लगाई जाएंगी। इन एलईडी पर चार धामों से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी उपलब्ध होंगी।
मई माह से चारधाम यात्रा शुरू हो जाएगी। चारधाम यात्रा प्रशासन इसकी तैयारियों में जुट गया है। चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। संभावना जताई जा रही है कि 8 या 9 अप्रैल से चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण शुरू कर दिए जाएंगे। ट्रांजिट कैंप प्रबंधन का कहना है कि कैंप परिसर में कुछ व्यवस्थाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी होनी है। लेकिन चुनाव के चलते यह जारी नहीं हो पाई हैं। चुनाव समाप्त होते ही विभिन्न सुविधाओं के लिए टेंडर जारी कर दिए जाएंगे।
चारधाम यात्रा प्रशासन को पिछले वर्ष ट्रांजिट कैंप कर सौगात मिली थी। करीब 22 करोड़ की लागत से तीन मंजिला भवन बना है। इस भवन में यात्रा से संबंधित सभी विभागों के कैंप कार्यालय हैं। सबसे ऊपरी तल पर करीब 112 बेड की डॉरमेट्री भी है। इस बार इस डॉरमेट्री को वातानुकूलित किया जाएगा। इसके अलावा भूतल पर पांच बेड का क्लीनिक भी है।
ओएसडी यात्रा प्रशासन एके श्रीवास्तव ने बताया कि 25 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर दी जाएंगी। चुनाव के बाद कुछ सुविधाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया की जाएगी। तीर्थ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।