Dehradun
आज है भारत बंद! उत्तराखंड में क्या बंद रहेगा, क्या खुला रहेगा? पढ़िए…
देहरादून: देशभर में आज ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों के आह्वान पर भारत बंद का ऐलान किया गया है। देहरादून में भी इसका असर दिखने लगा है। विभिन्न यूनियनों और फेडरेशनों ने मंगलवार को बैठक कर ऐलान किया था कि वे केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ राज्यव्यापी प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे।
हड़ताल में कौन-कौन शामिल?
सीटू (CITU), एटक (AITUC), इंटक (INTUC) और अन्य श्रमिक संगठनों के साथ-साथ आशा, आंगनबाड़ी, भोजन माता, संविदा कर्मी, और ई-रिक्शा ड्राइवर जैसे असंगठित क्षेत्र के कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल हैं। देहरादून के डाकपत्थर-विकासनगर रूट की कई बसें आज सड़कों से नदारद रहीं। वहीं, बैंकिंग और बीमा सेक्टर की यूनियनों ने भी कामकाज ठप रखने का ऐलान किया है।
स्कूल खुले, यातायात आंशिक रूप से प्रभावित
उत्तराखंड में स्कूलों पर बंद का कोई खास असर नहीं पड़ा है। अधिकतर स्कूल खुले हुए हैं और छात्र-छात्राएं सामान्य रूप से उपस्थित हैं। हालांकि कुछ रूटों पर बसें न चलने से लोगों को आने-जाने में परेशानी जरूर हो रही है।
जन विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन
सीटू के प्रांतीय सचिव लेखराज ने बताया कि यह हड़ताल सिर्फ श्रमिकों के हक के लिए नहीं, बल्कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि बस्ती बचाओ आंदोलन और एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट के खिलाफ चल रहे विरोध को भी इस हड़ताल से जोड़ा गया है।
रैली से सरकार को संदेश
आज दोपहर 12 बजे गांधी पार्क से जिला मुख्यालय तक एक विशाल रैली निकाली जाएगी, जिसमें हजारों की संख्या में लोग भाग ले सकते हैं। रैली के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों का विरोध किया जाएगा। वहीं, इंटक के प्रदेश अध्यक्ष हीरा सिंह बिष्ट ने कांग्रेस मुख्यालय में यूनियन प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इस हड़ताल की रणनीति तैयार की।