Dehradun
विजय दिवस पर देहरादून में श्रद्धांजलि समारोह, मुख्यमंत्री धामी ने सैनिकों के बलिदान को किया याद….
देहरादून : आज 16 दिसंबर का दिन देश भर में विजय दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। यह दिन भारतीय सेना की अद्वितीय साहस, वीरता और संघर्ष को सम्मानित करता है, जिन्होंने 1971 की जंग में पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी थी। इस अवसर पर राजधानी देहरादून के गांधी पार्क स्थित शहीद स्मारक पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

विजय दिवस के मौके पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, विधायक खजान दास सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में सभी प्रदेशवासियों को विजय दिवस की बधाई दी और कहा कि “यह दिन भारतीय सेना के साहस, वीरता और संघर्ष का प्रतीक है, जिन्होंने 1971 के युद्ध में अपनी अद्वितीय रणनीतियों और वीरता का प्रदर्शन किया।”
मुख्यमंत्री धामी ने सैनिक परिवारों को भी सम्मानित किया और उनके योगदान को सराहा। उन्होंने कहा, “हमारे सैनिकों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी और हम हमेशा उनके बलिदान को याद रखेंगे। उनके शौर्य से हम सभी को प्रेरणा मिलती है।”