Nainital
हल्द्वानी में नेशनल गेम्स के ताइक्वांडो मैच से पहले खिलाड़ियों का हंगामा, प्रशासन ने बढ़ाई चौकसी….
हल्द्वानी : उत्तराखंड के हल्द्वानी में चल रहे 38वें नेशनल गेम्स में गुरुवार को ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने अपने पुराने कोच को बहाल करने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया, जिससे खेल परिसर में हंगामा मच गया। खेल विभाग और आयोजक इस मुद्दे को सुलझाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।
दरअसल, इस विरोध प्रदर्शन की शुरुआत तब हुई जब ऑल इंडिया ताइक्वांडो फेडरेशन ने 38वें नेशनल गेम्स के लिए पुराने डायरेक्टर ऑफ कंपटीशन (डीओसी) को बदलकर एस दिनेश कुमार को नया डीओसी नियुक्त किया। इसके साथ ही आधे से अधिक टेक्निकल स्टाफ और कई राज्यों के कोच को भी बदल दिया गया। पुराने कोच, जिन्हें अब खेल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही, इस बदलाव से नाराज हो गए और वे हल्द्वानी पहुंचे, जिसके बाद कोच और टेक्निकल स्टाफ ने विरोध प्रदर्शन शुरू किया।
खिलाड़ियों का कहना है कि बिना कोच के ताइक्वांडो में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने अपने कोच को बहाल करने की मांग को लेकर खेल स्थल पर प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की नाराजगी बढ़ते देख जिला प्रशासन और पुलिस फोर्स की टीम भी मौके पर पहुंची, जहां किसी तरह से स्थिति को शांत किया गया।
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान ताइक्वांडो का शुभारंभ भी हुआ, लेकिन खिलाड़ियों ने खेल शुरू होने से पहले ही प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। स्थानीय स्तर पर और ताइक्वांडो फेडरेशन के साथ वार्ता चल रही है, ताकि इस मुद्दे का हल निकाला जा सके।
ताइक्वांडो के डायरेक्टर ऑफ कंपटीशन एस दिनेश कुमार ने बताया कि कोच और टेक्निकल स्टाफ को बदलने का निर्णय ताइक्वांडो फेडरेशन का था और यह अधिकार फेडरेशन के पास है कि किसे हटाना है और किसे रखना है। फिलहाल, स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है, लेकिन खिलाड़ियों की मांग को लेकर वार्ता जारी है।
#38thNationalGames #Haldwani #TaekwondoProtest #PlayerProtest #OldCoachDemand #SportsNews #UttarakhandSports #TaekwondoFederation #ProtestAtStadium #SportsFederation #NationalGames2025