Dehradun
UTTARAKHAND: चारधाम यात्रा के पंजीकरण के लिए श्रद्धालुओं के फोन की बजी घंटी, जानिए कहां और कैसे करना होगा पंजीकरण !
देहरादून: उत्तराखंड में इस साल 30 अप्रैल से शुरू होने वाली विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं की तैयारियां शुरू हो गई हैं। यात्रा के संबंध में जानकारी लेने के लिए देशभर से श्रद्धालुओं के फोन आ रहे हैं। गढ़ी कैंट स्थित उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) के कंट्रोल रूम में रोजाना करीब 10 से 15 फोन कॉल आ रहे हैं, जिसमें श्रद्धालु पंजीकरण, होटल और सार्वजनिक वाहनों की जानकारी ले रहे हैं।
हालांकि, अभी तक यात्रा के बारे में विभाग की ओर से कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है। परंपरा के अनुसार, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के दिन खोले जाएंगे, जबकि चार मई को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे। केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि 26 फरवरी को ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर से तय की जाएगी।
कोरोना काल के बाद से चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि देखी जा रही है। इसे देखते हुए सरकार और पर्यटन विभाग विशेष तैयारियां कर रहा है। कंट्रोल रूम के प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि श्रद्धालुओं को पंजीकरण प्रक्रिया, होटल और यात्रा से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी दी जा रही है।
#CharDhamregistration, #ControlRoom, #Yatradetails, #Phoneinquiry, #Registrationprocess