Dehradun
उत्तराखंड: आईजी गढ़वाल का फरमान, ट्रांसफर में रुके पुलिसकर्मी तीन दिन में होंगे कार्यमुक्त…
देहरादून। उत्तराखंड में वार्षिक ट्रांसफर के बाद सेटिंग से रुके पुलिसकर्मियों को अब हर हाल में पहाड़ चढ़ना होगा। गढ़वाल क्षेत्र के आईजी राजीव स्वरूप ने इस बाबत स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने पुलिस कप्तानों को आदेश दिया है कि ऐसे कर्मचारियों को तीन दिन के भीतर रिलीव किया जाए। अगर कोई पुलिसकर्मी किसी जिले में रुका है और उसे कप्तान की जरूरत है, तो वाजिब कारण के साथ आईजी कार्यालय को पत्र लिखने के बाद ही उसकी स्थिति पर विचार किया जाएगा।
आईजी राजीव स्वरूप ने कहा कि हर साल कांस्टेबल से लेकर इंस्पेक्टर स्तर तक के कर्मचारियों और अधिकारियों का ट्रांसफर किया जाता है, लेकिन कई कर्मचारी व्यक्तिगत कारणों या सेटिंग के चलते उसी जिले में बने रहते हैं। अब ऐसी स्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों को पहाड़ों पर तैनात किया जाएगा, चाहे उनका ट्रांसफर किसी अन्य स्थान पर क्यों न हो।
अगर पुलिस कप्तान किसी कर्मचारी को उसकी कार्यक्षमता के कारण रोकना चाहते हैं, तो इसके लिए भी उन्हें वाजिब कारणों के साथ पत्र लिखना होगा, जिसके बाद ही निर्णय लिया जाएगा।