Uttarakhand
बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने की तिथियां तय, जानें कब समाप्त होगी चारधाम यात्रा ?
Uttarakhand News : उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में दर्शन के लिए अब कुछ ही दिन शेष हैं। नवंबर में दोनों धामों के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। 11 नवंबर को बाबा केदार के कपाट बंद होंगे, जबकि 16 नवंबर को बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद किए जाएंगे।
Table of Contents
बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने की तिथि तय
उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थस्थलों बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में इस वर्ष की यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच रही है। बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके अगले दिन, 17 नवंबर को भगवान की उत्सव डोलियां अपने निर्धारित शीतकालीन प्रवास स्थलों के लिए रवाना होंगी।

11 नवंबर को बंद होंगे केदारनाथ धाम के कपाट
वहीं, बाबा केदारनाथ धाम के कपाट 11 नवंबर को भैया दूज के पावन अवसर पर बंद होंगे। कपाट बंद होने के साथ ही दोनों प्रमुख धामों में इस वर्ष की यात्रा का समापन हो जाएगा। हर साल यात्रा सीजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल और बाबा केदार के दर्शन के लिए उत्तराखंड पहुंचते हैं।
कपाट बंद होने के साथ ही चारधाम यात्रा का होगा समापन
सर्दियों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम प्रतिकूल होने और बर्फबारी की संभावना को देखते हुए सदियों से चली आ रही धार्मिक परंपराओं के अनुसार धामों के कपाट बंद किए जाते हैं। हालांकि, कपाट बंद होने के बाद भी श्रद्धालु शीतकालीन पूजा स्थलों पर भगवान के दर्शन कर सकेंगे। इस दौरान निर्धारित स्थलों पर नियमित रूप से पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान जारी रहेंगे।