Dehradun
उत्तराखंड स्थापना दिवस पर CM धामी ने शहीदों को किया नमन, PM मोदी ने भेजा शुभकामना संदेश
Uttarakhand News : उत्तराखंड अपना 26वां स्थापना दिवस धूमधाम से मना रहा है। इस अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। राज्य स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून स्थित कचहरी के शहीद स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके बलिदान को नमन किया। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री को अपनी विभिन्न मांगों से जुड़े ज्ञापन भी सौंपे।
Table of Contents
उत्तराखंड स्थापना दिवस पर CM धामी ने शहीदों को किया नमन
उत्तराखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाने के लिए लंबे समय तक आंदोलन चला था। इस संघर्ष में अनेक आंदोलनकारियों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके संघर्ष और योगदान के परिणामस्वरूप 9 नवंबर 2000 को उत्तराखंड देश के 27वें राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। यही वजह है कि प्रत्येक स्थापना दिवस पर शहीद स्थल पर पहुंचकर राज्य के शहीदों को श्रद्धांजलि देने की परंपरा निभाई जाती है।
PM मोदी ने भेजा शुभकामना संदेश
वहीं, राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की 26 वर्षों की विकास यात्रा, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत और विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति का उल्लेख किया है।
प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि 9 नवंबर 2000 को तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प से उत्तराखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस प्रदेशवासियों के साहस, स्वाभिमान और विकास के संकल्प को याद करने का अवसर है।
पीएम मोदी ने उत्तराखंडवासियों को दी शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक महत्ता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हिमालय की ऊंची चोटियों के बीच बसा उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक वैभव का अनूठा संगम है। साथ ही सीमांत क्षेत्रों के विकास और आधारभूत ढांचे के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।
स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री का शहीद स्थल पहुंचकर आंदोलनकारियों को नमन करना और प्रधानमंत्री का शुभकामना संदेश प्रदेश के लिए इस दिन के महत्व को और खास बनाता है।