Uttarakhand
मणिपुर में उग्रवादियों के हमले में उत्तराखंड के दो जवान शहीद, देवभूमि में दौड़ी शोक की लहर…
Uttarakhand News : मणिपुर के उखरुल जिले में उग्रवादियों द्वारा किए गए हमले में देश ने दो बहादुर जवानों को खो दिया। इस हमले में उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी वारंट अधिकारी बलवंत सिंह और पौड़ी गढ़वाल निवासी हवलदार चंद्र मोहन सिंह वीरगति को प्राप्त हुए। हमले में सुरक्षा बल के कुछ अन्य जवान भी घायल हुए हैं।
Table of Contents
मणिपुर में उग्रवादियों के हमले में उत्तराखंड के दो जवान शहीद
मणिपुर में उग्रवादियों के हमले में उत्तराखंड के दो जवान शहीद हो गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सोमवार दोपहर लगभग 1:30 बजे नुंगशांग खोंग क्षेत्र में संदिग्ध उग्रवादियों ने असम राइफल्स के काफिले को निशाना बनाते हुए अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने तत्काल मोर्चा संभाला और पूरे इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
मणिपुर के गृह मंत्री गोविंददास ने की हमले की कड़ी निंदा
घटना पर राज्य के गृह मंत्री गोविंददास ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि इस तरह की हिंसक घटनाएं राज्य में शांति और सौहार्द को नुकसान पहुंचाने का प्रयास हैं तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उधर, कांगपोकपी जिले के थिंगखोंगजांग कुकी गांव में रविवार शाम हथियारबंद लोगों द्वारा किए गए हमले के बाद क्षेत्र में तनाव फिर बढ़ गया है। हालात को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
असम राइफल्स ने दोनों जवानों को दी श्रद्धांजलि
असम राइफल्स ने भी आधिकारिक बयान जारी कर दोनों शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सर्वोच्च बलिदान को राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया। वहीं, सुरक्षा एजेंसियां हमले में शामिल उग्रवादियों की तलाश में व्यापक अभियान चला रही हैं।