Dehradun
UTTARAKHAND: जनता के सुझावों पर आधारित होगा आगामी बजट, आज हितधारकों से संवाद करेगी सरकार…
देहरादून: प्रदेश सरकार आज 31 जनवरी को आगामी बजट 2025-26 पर हितधारकों के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन करेगी। वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल की अध्यक्षता में राजपुर रोड स्थित एक होटल में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हितधारकों के साथ गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। इस संवाद कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं, और अन्य समुदायों से बजट के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव लिए जाएंगे, जिन्हें सरकार आगामी बजट में शामिल करने का प्रयास करेगी।
वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने “जनता का बजट, जनता के द्वारा, जनभावनाओं के अनुरूप बनेगा बजट हमारा” स्लोगन के तहत प्रदेशवासियों से बजट संबंधी सुझाव मांगे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने बजट निर्माण से पहले जनता के सुझाव लेने की परंपरा शुरू की है। इसी परंपरा के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट निर्माण के लिए देवभूमि की जनता से सुझाव आमंत्रित किए गए हैं।
वित्त मंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बजट निर्माण में जन भागीदारी सुनिश्चित करना है, ताकि सरकार राज्य के विकास के लिए जनता की इच्छाओं और जरूरतों को प्राथमिकता दे सके। इसके लिए 9 फरवरी 2025 तक सुझाव प्राप्त किए जाएंगे।
#PublicSentiment, #BudgetConsultation, #Stakeholders, #Budget2025-26, #GovernmentInitiative