uttarakhand weather
उत्तराखंड में आज 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, भूस्खलन से प्रदेश की 108 सड़कें बंद
Uttarakhand Weather : उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर बिगड़ने के आसार हैं। प्रदेश में फिलहाल बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के छह जिलों में भारी से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
Table of Contents
उत्तराखंड में आज 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में आज भी बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। नैनीताल, चंपावत, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर में कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।
प्रदेश के सभी जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका
मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी है। कुछ इलाकों में बारिश का दौर तेज से अति तेज हो सकता है। मौसम के इस बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

भूस्खलन से 108 सड़कें अब भी बंद
लगातार बारिश और भूस्खलन के चलते प्रदेश में सड़क संपर्क भी प्रभावित हुआ है। बृहस्पतिवार को राज्य में कुल 108 सड़कें यातायात के लिए बंद रहीं। सबसे ज्यादा असर नैनीताल जिले में देखने को मिला, जहां 23 मार्ग बाधित हैं।
इसके अलावा चमोली में 16, बागेश्वर में 11, पिथौरागढ़ में 11, टिहरी में 10, रुद्रप्रयाग में 8, अल्मोड़ा में 8 और उत्तरकाशी में 7 सड़कें बंद हैं। पौड़ी में 6, देहरादून में 5 और चंपावत में एक मार्ग भी बाधित रहा।
सड़कें बंद होने से लोग परेशान
भूस्खलन के कारण कई सड़के बंद हैं। सड़कों के बंद होने से कई क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हुई है और स्थानीय लोगों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से बाधित मार्गों को खोलने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।