Crime

उत्तराखंड: ससुराल लौटी तो मिली मौत: पति ने की वर्षा की हत्या, दो बच्चों को छोड़ गई मां

Published

on

पति ने की वर्षा की हत्या, आरोपी फरार 

उत्तरकाशी(मनेरी) : उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के मनेरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बयाणा गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की डंडों और धारदार हथियार से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान 28 वर्षीय वर्षा चौहान के रूप में हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति विष्णु चौहान मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

बाथरूम में मिली लहूलुहान वर्षा, जेठानी ने दी थी सूचना

शुक्रवार दोपहर को वर्षा की जेठानी ने पुलिस को फोन कर बताया कि उसकी देवरानी बाथरूम में बेहोश पड़ी है और उसका देवर विष्णु घर पर नहीं है। सूचना मिलते ही मनेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल वर्षा को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गले पर चुन्नी के निशान, सिर पर गंभीर चोटें

पुलिस जांच में सामने आया है कि वर्षा के गले पर चुन्नी से घोंटने के निशान थे और सिर पर भी गंभीर चोट के घाव थे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक साक्ष्य हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं।

पहले भी करता था मारपीट, नशे का था आदी

पुलिस के अनुसार आरोपी विष्णु चौहान नशे का आदी है और पहले भी अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता रहा है। करीब छह महीने पहले वर्षा अपने मायके चली गई थी, लेकिन जुलाई में हुए पंचायत चुनावों से पहले दोनों पक्षों में समझौता हुआ और वर्षा दोबारा अपने ससुराल लौट आई। सभी को उम्मीद थी कि अब सब कुछ सामान्य रहेगा, लेकिन यह उम्मीद मौत में बदल गई।

अब सब ठीक होगा, यही सोचकर भेजा था बेटी को: पिता

मृतका के पिता चत्तर सिंह पंवार ने कहा कि मेरी सात बेटियां हैं। वर्षा मेरी पांचवीं बेटी थी। उसकी शादी दस साल पहले विष्णु से की थी। जब विवाद हुआ था, तो हमने उसे अपने पास बुला लिया था। लेकिन पंचायत के समझौते के बाद बेटी को वापस भेज दिया… ये नहीं पता था कि कुछ ही हफ्तों में उसकी लाश लौटेगी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वर्षा अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है, जिनकी उम्र सात और छह साल है। मां की मौत के बाद अब इन मासूमों की परवरिश एक बड़ी चुनौती बन गई है। फिलहाल पुलिस ने दोनों बच्चों को परिजनों की निगरानी में सौंपा है।

हत्या का मुकदमा दर्ज आरोपी की तलाश जारी

मनेरी थानाध्यक्ष मनोज असवाल ने बताया कि वर्षा के पिता की तहरीर पर धारा 302 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी विष्णु की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं। उम्मीद है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version