Breakingnews
उत्तरकाशी : सावणी गांव में आग से 9 मकान जलकर राख, 25 परिवार हुए बेघर….
उत्तरकाशी : उत्तरकाशी जिले के सीमांत विकासखंड मोरी के सावणी गांव में बीती रात अचानक लगी आग से 9 मकान जलकर राख हो गए। घटना में लगभग 25 परिवार बेघर हो गए हैं। आग तेज़ी से फैलने के कारण अधिकांश मकान लकड़ी के बने हुए थे, जिससे आग पर काबू पाना बेहद मुश्किल हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले तीन दिनों से गांव में पानी की सप्लाई बंद थी, जिसके कारण आग बुझाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने आग बुझाने की पूरी कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज़ थीं कि कुछ मकानों को बचाने के लिए उन्हें तोड़ना पड़ा। इस दौरान, दो मकानों को पूरी तरह से तोड़ना पड़ा और तीन मकानों को आंशिक रूप से तोड़ा गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारी को राहत और पुनर्वास कार्य शुरू करने का आदेश दिया और प्राथमिकता के आधार पर प्रभावित परिवारों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया।
सीएम धामी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “इस कठिन समय में हम ग्रामवासियों के साथ खड़े हैं। प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी।”
वहीं जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने घटना के बाद तहसीलदार मोरी से जानकारी ली और राहत कार्य के लिए अतिरिक्त टीमों को भेजने के आदेश दिए। इस राहत कार्य में फायर सर्विस, पुलिस, एसडीआरएफ, वन विभाग की टीमें भी शामिल हैं। उपजिलाधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने रात को सावणी गांव का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया।
सावणी गांव में कुल 9 मकान पूरी तरह से जल चुके हैं, जिनमें 15-16 परिवार रहते थे। राहत कार्य अब भी जारी है और प्रभावित परिवारों को पुनर्वास के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं।