Dehradun
मौसम विभाग का येलो अलर्ट , उत्तराखंड में गरज के साथ बारिश की संभावना…..
देहरादून : उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर तल्ख हो गया है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है और साथ ही अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ने की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में गर्मी भी महसूस होने लगी है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कई स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं बारिश का अनुमान है। विभाग ने बताया कि राज्य के विभिन्न इलाकों में गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।
हरिद्वार और नैनीताल जिले में भी कहीं-कहीं तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को इस दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
राजधानी देहरादून की बात करें तो यहां आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा, तेज हवाओं के साथ (40-50) किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा सकता है, जहां अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान 13°C के आस-पास रहने का अनुमान है।
प्रदेश में मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है। जहां एक ओर पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह और शाम ठंड पड़ रही है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में गर्मी धीरे-धीरे बढ़ रही है। आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है।