Dehradun

नए साल का स्वागत, हिमाचल और उत्तराखंड में सैलानियों का उमड़ा सैलाब, DJ पर होगी मस्ती !

Published

on

शिमला/नैनीताल:  हिमाचल प्रदेश नए साल के जश्न के लिए पूरी तरह तैयार है। राज्य में हाल ही में हुई भारी बर्फबारी के कारण लाखों सैलानियों के हिमाचल के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर उमड़ने की उम्मीद जताई जा रही है। नए साल का जश्न मनाने के बाद, सैलानी और स्थानीय लोग प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों में माथा टेकने के लिए पहुंचेंगे। श्री नयना देवी मंदिर में आज रात दो बजे से श्रद्धालुओं के लिए कपाट खोल दिए जाएंगे।

शिमला, मनाली, चायल, कसौली, डलहौजी सहित अन्य लोकप्रिय पर्यटन स्थलों के होटल पहले ही पैक हो चुके हैं। पर्यटन विकास निगम और निजी होटलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें न्यू ईयर पार्टी, डांस एंड डाइन, और अन्य प्रतियोगिताएं शामिल हैं। चायल, मनाली, और धर्मशाला में न्यू ईयर क्वीन भी चुनी जाएंगी।

सैलानियों का भारी आना जारी
सोमवार को हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर भारी संख्या में पर्यटक पहुंचे। शिमला आने वाली ट्रेनों और एचआरटीसी की लग्जरी और सामान्य बसों की सीटें भी पूरी तरह भर चुकी हैं। इसके साथ ही, हजारों टैक्सियां भी शिमला में प्रवेश कर रही हैं। मनाली में भी पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है।

बर्फबारी से उत्साह में और वृद्धि
फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि हिमाचल में हाल ही में हुई बर्फबारी ने नए साल का जश्न मनाने के लिए पर्यटकों का उत्साह और बढ़ा दिया है। जनवरी के पहले सप्ताह तक प्रदेश में सैलानियों का रौनक बना रहेगा।

नैनीताल भी नए साल के जश्न के लिए तैयार
नए साल के जश्न के लिए नैनीताल भी सज चुका है। शहर के अधिकांश बड़े होटलों में शतप्रतिशत कमरे बुक हो चुके हैं और इन होटलों में खास कार्यक्रमों और गीत-संगीत की धूम रहेगी। लाइव म्यूजिक, गाला डिनर, और डीजे की व्यवस्था के साथ म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगिताएं सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगी। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि मॉल रोड और ठंडी सड़क सहित शहर के कई हिस्सों को बिजली की मालाओं से सजाया गया है, साथ ही मॉल रोड पर 10 गैस हीटर भी लगाए गए हैं।

शिमला में रिज पर खास जश्न
शिमला में रिज मैदान पर नए साल के जश्न के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। होटलों में डाइन एंड डांस के साथ गाला डिनर की व्यवस्था की जाएगी, जिसमें प्रसिद्ध कलाकार प्रस्तुतियां देंगे और पर्यटक डीजे की धुनों पर थिरकेंगे। 31 दिसंबर के लिए हिमाचल पर्यटन विकास निगम के होटलों में ऑक्यूपेंसी 90 फीसदी तक पहुंच चुकी है, जबकि छोटे-बड़े होटलों में भी लगभग 80 से 90 फीसदी कमरे पहले से बुक हो चुके हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

#NewYearcelebration, #Himachal, #Uttarakhand, #Tourists, #DJparty

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version